समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव का ‘साइकिल सत्याग्रह’

उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद के लोनी में मेधावी छात्राओं को साइकिल बांटने का कार्यक्रम रोके जाने के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस कार्रवाई की निंदा करते हुए भाजपा पर शिक्षा, शिक्षार्थियों और शिक्षकों का विरोध करने का आरोप लगाया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि PDA समाज की प्रतिभावान बेटियों के लिए आयोजित साइकिल वितरण समारोह को दोबारा रोका गया, तो पार्टी के कार्यकर्ता ‘साइकिल सत्याग्रह’ करते हुए घर-घर जाकर साइकिल बांटेंगे। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर गाजियाबाद की घटना को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि भाजपा ‘शिक्षा, शिक्षार्थी और शिक्षक विरोधी’ है। अखिलेश के मुताबिक, गाजियाबाद में PDA समाज के नेताओं की ओर से 10वीं और 12वीं कक्षा में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक लाने वाली 1,000 प्रतिभावान बेटियों को साइकिल बांटने का कार्यक्रम आयोजित किया गया था, लेकिन कार्यक्रम स्थल पर बुलडोजर चलवा दिया गया।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि PDA के प्रतिबद्ध प्रहरी इसके बावजूद बेटियों को साइकिल बांटने के लिए संकल्पित हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोबारा कार्यक्रम रोकने की कोशिश की गई, तो कार्यकर्ता ‘साइकिल सत्याग्रह’ करते हुए घर-घर जाकर साइकिल वितरित करेंगे।