सरकार ने एल्युमिनियम के पेय पदार्थों वाले कैन के लिए अनिवार्य गुणवत्ता प्रमाणन की समयसीमा छह महीने बढ़ाकर अप्रैल 2027 कर दी है। इससे डाइट कोक और बीयर जैसे प्रोडक्ट बनाने वाली कंपनियों को राहत मिली है। पहले कंपनियों को 31 अक्टूबर तक यह सर्टिफिकेशन हासिल करना था। अब उन्हें प्रोडक्ट बढ़ाने और कैन की कमी दूर करने के लिए ज्यादा समय मिलेगा।
इकोनॉमिक टाइम्स के मुताबिक, अलग-अलग श्रेणी की कंपनियों के लिए नई समयसीमा पिछले हफ्ते जारी की गई। इसके तहत बड़ी कंपनियों को 1 अप्रैल 2027, छोटी कंपनियों को 1 जुलाई 2027 और सूक्ष्म कंपनियों को 1 अक्टूबर 2027 से इन नियमों का पालन करना होगा। उद्योग का कहना है कि समयसीमा बढ़ने से बीयर कंपनियों को 2027 की गर्मियों के लिए पहले से कैन का स्टॉक तैयार करने और सप्लाई की योजना बनाने में मदद मिलेगी। भारत में बीयर और सॉफ्ट ड्रिंक्स की कुल सालाना बिक्री में एल्युमिनियम कैन की हिस्सेदारी एक चौथाई से ज्यादा हो गई है। पिछले दो साल में इन कैन की मांग तेजी से बढ़ी है। हालांकि, घरेलू कंपनियां बढ़ती मांग के मुताबिक उत्पादन नहीं बढ़ा पाई हैं। इससे बाजार में कैन की कमी हो रही है।
ब्रूअर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के महानिदेशक विनोद गिरी के मुताबिक, कंपनियों को भारत में हर साल 60 करोड़ अतिरिक्त कैन बनाने की उम्मीद थी, लेकिन अब तक इसका केवल आधा उत्पादन ही हो पाया है। सरकार की ओर से समयसीमा बढ़ाने से कंपनियों को गर्मियों के सीजन से पहले पैकेजिंग की व्यवस्था करने में मदद मिलेगी। गर्मियों में बीयर और सॉफ्ट ड्रिंक्स की मांग आम तौर पर बढ़ जाती है।

