बिहार के वैशाली जिले के नगर थाना क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब थाना से मात्र 20 मीटर की दूरी पर नमाज पढ़कर मस्जिद से लौट रहे युवक शब्बीर आलम की गोली मारकर हत्या कर दी गई. यह वारदात शनिवार शाम करीब सात बजे की है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शब्बीर जैसे ही मस्जिद से बाहर निकले, घात लगाए अपराधियों ने पीछे से गोली मार दी. गोली लगते ही वे गिर पड़े. आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उन्हें सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
हत्या की खबर फैलते ही आक्रोशित लोगों ने त्रिमूर्ति चौक पर आगजनी कर सड़क जाम कर दी और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी. हालात को बिगड़ता देख सदर एसडीपीओ ओमप्रकाश, डीएसपी अबू जफर इमाम और एसडीएम रामबाबू बैठा मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराया. भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर स्थिति को नियंत्रण में लिया गया.

